अजीजगंज में एबीसी सेंटर का भवन। संवाद
शाहजहांपुर। एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद अब तक शुरू नहीं हो पाया है। विद्युत निगम ने 15 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कनेक्शन नहीं किया है तो अजीजगंज स्थित एबीसी सेंटर की चहारदीवारी और मुख्य गेट लगने का काम भी शुरू नहीं हो पाया है। इससे कुत्तों की नसबंदी का कार्य अटक गया है।
सुप्रीमकोर्ट ने आदेश दिया था कि एबीसी सेंटर में कुत्तों को पकड़कर नसबंदी करने का कार्य शुरू किया जाए। इसको संज्ञान में लेते हुए शासन ने 30 सितंबर तक एबीसी सेंटर शुरू करने के निर्देश दिए थे।
पहले तो नगर निगम की ओर से हीलाहवाली के चलते वर्क आर्डर और एग्रीमेंट की प्रक्रिया में देरी हुई। इसके पूरा होने के बाद संबंधित एजेंसी की ओर से बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया।
आवेदन किए करीब 15 दिन से अधिक का समय हो गया है। अब तक विद्युत निगम की ओर से कनेक्शन नहीं किया गया है। इसके साथ ही परिसर की चहारदीवारी और मुख्य गेट का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। इस वजह से एबीसी सेंटर में कुत्तों की नसबंदी का कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
बताया जाता है कि चहारदीवारी के निर्माण में कुछ विवाद की स्थिति बन रही है। पड़ोस का व्यक्ति अपनी जगह होने का दावा कर रहा है। इसके चलते निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है।
विद्युत निगम के अधिकारियों से बात हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द कनेक्शन की प्रक्रिया को पूरा कर दिया जाएगा। चहारदीवारी का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा। प्रयास है कि इसी सप्ताह एबीसी सेंटर शुरू कर दिया जाए।
- डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, नगर आयुक्त