रोजा। न्यू चर्च कॉलोनी निवासी गौरव कुमार की पत्नी अंजू को बैंक से ऋण दिलाने के बहाने भाजपा के एक नामित पार्षद ने उनके खाते की लिमिट कराने के बाद 9.02 लाख रुपये निकालकर अपनी पत्नी के नाम बनी फर्म में ट्रांसफर करा लिए। बैंक से ब्याज समेत दस लाख रुपये की देनदारी चुकता करने का नोटिस मिलने पर धोखाधड़ी का पता चला। एसपी से न्याय की गुहार लगाए जाने पर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अंजू ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कुछ समय पहले पति भाजपा के नामित पार्षद के यहां वाहन चालक थे। इस दौरान नामित पार्षद ने सरकारी योजना के तहत बैंक से ऋण दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर एक फर्जी फर्म पंजीकृत कराकर बैंक में एक चालू खाता खुलवा दिया। 21 मई को बैंक जाकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तो पता चला कि पार्षद ने 20 नवंबर 2024 को उनके खाते से 9,02,000 रुपये अपनी पत्नी के नाम की फर्म के खाते में ट्रांसफर कर लिए हैं।
अंजू का आरोप है कि उनके पति ने पार्षद को फोन करके रकम वापस करने के लिए कहा तो उसने जान से मारने की धमकी दी। सीओ शुभम वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ कर जांच की जा रही हैं। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।