शाहजहांपुर। प्रेमी के साथ रजिस्टार ऑफिस में कोर्ट मैरिज करने आई विवाहिता को उसका पति साथियों के साथ गाड़ी में डालकर ले गया तो अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अलर्ट हुई पुलिस ने बरेली मोड़ चौराहे से महिला को गाड़ी समेत बरामद कर लिया। महिला की गुमशुदगी जनपद मैनपुरी में दर्ज है। स्थानीय पुलिस ने मैनपुरी पुलिस को घटनाक्रम से अवगत करा दिया है।
जनपद मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता का वहीं के एक युवक से प्रेम प्रसंग हो गया था। दोनों वहां से भागकर बृहस्पतिवार को यहां आ गए और रजिस्ट्रार ऑफिस में कोर्ट मैरिज की कार्रवाई करने लगे। इतने में महिला के पति को किसी ने सूचना दे दी। दोपहर महिला का पति अपने सात साथियों को लेकर रजिस्टार ऑफिस में आ गया और महिला को असलहों के बल पर जबरन गाड़ी में डाल दिया। दिनदहाड़े अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। शहर की सीमाएं सील कर दी गईं। अजीजगंज चौकी प्रभारी नासिर खां ने गाड़ी को बरेली मोड़ चौराहे पर पकड़ लिया और महिला को बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि विवाहिता प्रेमी के साथ भाग कर यहां पर आ गई थी। उसकी गुमशुदगी जनपद मैनपुरी के घिरौर थाने में दर्ज है। विवाहिता और उसके पति समेत लोगों को थाना सदर बाजार भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक थाना सदर बाजार किरन पाल सिंह ने बताया कि विवाहिता पति को बिना बताए प्रेमी साथ यहां आ गई थी और कोर्ट मैरिज करने जा रही थी। तभी पति को सूचना मिल गई। उसने उसे जबरन गाड़ी में डाल लिया। चूंकि गुमशुदगी घिरौर थाने में दर्ज है। इसलिए घिरौर पुलिस को सूचना दे दी गई है। वहां की पुलिस उन्हें लेने के लिए आ रही है।
एक महिला के अपहरण की सूचना मिली थी। बरेली मोड़ चौराहे पर महिला को बरामद कर लिया गया। जांच में पता चला कि महिला प्रेमी के साथ भाग कर यहां आ गई थी। उसकी गुमशुदगी जनपद मैनपुरी के घिरोर थाने में दर्ज है। वहां की पुलिस को सूचना दे दी गई है। - प्रवीन कुमार, सीओ सिटी, शाहजहांपुर।