टेंपो चालकों ने शहर में नो एंट्री के विरोध में शुक्रवार को दिनभर हंगामा किया। चालकों ने खिरनीबाग चौराहे पर जाम लगाने का प्रयास किया। इसके साथ ही टैक्सी स्टेंड ठेकेदार और ट्रैफिक पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। चालकों ने अपनी समस्याओं को लेकर एसपी को ज्ञापन दिया।
नो इंट्री के विरोध में टेंपो चालक सुबह से ही खिरनीबाग चौराहा पर इकट्ठे होने लगे। चालकों ने चौराहे पर टेंपो लगाकर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने जाम लगने नहीं दिया। इसके बाद सभी चालक सांसद कृष्णाराज के आवास पर पहुंचे और उन्हें अपनी समस्याएं बताईं। इस पर सांसद ने चालकों को समस्याओं का निदान करने का आश्वासन दिया। इसके साथ सभी चालक एसपी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एसपी को दिए ज्ञापन में बताया कि नगर पालिका की तरफ से दिए गए टैक्सी स्टेंड के ठेके पर टेंपो चालकों ने रोजाना 80 से 90 रुपये वसूली की जाती है, जबकि बाकी पूरे प्रदेश में 30 रुपये ठेका वसूली होती है। उनका आरोप है कि सिटी परमिट होेने के बावजूद उन्हें सिटी में नहीं घुसने दिया जाता है। केरूगंज से खिरनीबाग चौराहे के बीच उनके टैंपो को पकड़कर सीज कर दिया जाता है। सीज वाहन को सीओ कार्यालय से छुड़ाने पर मोटा जुर्माना भरना पड़ता है। टेंपो में बैठने वाले सिपाही और होमगार्ड कभी किराया नहीं देते हैं। ट्रैफिक पुलिस के सिपाही भी अवैध वसूली करते हैं। इसके साथ सभी टैंपो चालकों ने थाना सदर बाजार में सीओ सिटी को भी अपनी समस्याएं बताई। इस पर उन्होंने चालकों की समस्याओं को सुलझाने का आश्वासन दिया। संतुष्टि न मिलने पर सभी टैंपो चालक पालिका चेयरमैन तनवीर खां के आवास पर भी पहुंचे और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। चेयरमैन ने टीएसआई को बुलाकर टेंपो चालकों की समस्याओं को लेकर बात की। उनके आश्वासन के बाद सभी लौट गए।