गर्रा नदी में रुद्रांश की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम। स्रोत: पुलिस विभाग
तिलहर। बाढ़ से उफनाई गर्रा नदी में बृहस्पतिवार की शाम डूबे गांव राईखेड़ा निवासी राजवीर के दो वर्षीय पुत्र रुद्रांश का शुक्रवार को दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। एसडीआरएफ और पुलिस के दिनभर नदी में संयुक्त तलाशी अभियान चलाने पर भी बालक का कुछ पता नहीं चलने से उसके परिजनोें का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
मासूम रुद्रांश बच्चों के साथ खेलने के दौरान किसी तरह गर्रा नदी के किनारे पहुंचने के बाद गहरे पानी मे डूब गया था। जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार शाम छह बजे तक मासूम का कोई पता नहीं चल सका। राजवीर ने बताया कि शादी के करीब 12 वर्ष बाद रुद्रांश का जन्म हुआ और वह उनका इकलौता पुत्र है। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया नदी में डूबे बालक की खोज का अभियान जारी है। संवाद