शाहजहांपुर। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बुधवार को कांट कस्बे में साधन सहकारी समिति के गेहूं क्रय केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारी से चार दिन में गेहूं की आवक का रिकॉर्ड मांगा तो वह नहीं दिखा सके। रजिस्टर देखे जाने पर उसमें भी एंट्री नहीं मिली। इस पर डीएम केंद्र प्रभारी पर बरसे पड़े। उन्होंने सहायक निबंधक (सहकारिता) डॉ. गणेश गुप्ता को बिके गेहूं का सत्यापन कराने और गड़बड़ी पाए जाने पर प्रभारी के खिलाफ विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई करने निर्देश दिए। इधर, सहायक निबंधक ने केंद्र प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
एसपी डॉ. एस चन्नप्पा के साथ क्रय केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने वहां के स्टॉक रजिस्टर, खरीद रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का मुआयना किया। उन्होंने पाया कि शनिवार से मंगलवार तक हुई खरीद का न तो क्रय रजिस्टर पर विवरण दर्ज है और न ही गेहूं बिक्री करने वाले किसानों के नाम-पते और मोबाइल नंबर अंकित किए गए हैं। इस पर डीएम ने केंद्र प्रभारी हरि गोपाल मिश्रा को आड़े हाथों लेते हुए कड़ी नाराजगी जताई। केंद्र प्रभारी से मामले में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर डीएम ने साथ मौजूद एआर (कोऑपरेटिव) को अपने स्तर से प्रकरण की छानबीन कर उन सभी किसानों के नाम-पते और अन्य विवरण निर्धारित कालमों में दर्ज कराने के निर्देश दिए। डीएम ने वहां मौजूद मिले किसान मोहम्मद अजमत से खरीद के बारे मेें बात की। साथ ही केंद्र पर गेहूं की तौल कराने में किसी प्रकार की होने वाली असुविधा के बारे में जाना।
सहायक निबंधक ने बताया क्रय केंद्र पर अभिलेखों से पता चला कि 15 अप्रैल से बुधवार को निरीक्षण होने तक 18 किसानों से 1558 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि केंद्र प्रभारी ने खरीद से संबंधित विवरण रजिस्टरों पर दर्ज करने में कोताही किस कारण की गई। उन्होंने बताया कि केंद्र प्रभारी से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर डीएम के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उधर, एडीएम फाइनेंस/जिला खरीद अधिकारी गिरिजेश कुमार चौधरी ने प्रभारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश पांडेय के साथ जमौर के सीडब्ल्यूसी गोदाम पर गेहूं भंडारण का निरीक्षण किया। डिप्टी आरएमओ पांडेय के अनुसार अभी तक जिले में करीब 16000 टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।
बैंक और कम्युनिटी किचन की जांचीं व्यवस्थाएं, रसोइया को किया पुरस्कृत
शाहजहांपुर। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कांट में क्रय केंद्र निरीक्षण के बाद नजदीक स्थित बैंक ऑॅफ बड़ौदा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शाखा प्रबंधक को बैंक में आने वाले लोगों से सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। कहा कि बैंक के पास एक स्थान पर भीड़ एकत्र नहीं होनी चाहिए। बाद मेें पूर्व माध्यमिक विद्यालय में संचालित कम्युनिटी किचन में भोजन कर उसकी गुणवत्ता एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। भोजन स्वादिष्ट पाए जाने पर डीएम ने रसोइया को एक हजार रुपये का पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।