शाहजहांपुर। निजी विद्यालयों में फीस वृद्धि, पुस्तकों की सूची एवं यूनिफॉर्म से संबंधित विषयों पर मंगलवार शाम को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने निजी विद्यालयों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों की यूनिफॉर्म में किसी भी प्रकार का परिवर्तन बिना अनुमोदन समिति की स्वीकृति के नहीं किया जाए।
उन्होंने पुस्तकों से संबंधित व्यवस्था को लेकर निर्देश दिया कि यदि किसी विद्यालय द्वारा पुस्तकों की सूची में कोई परिवर्तन प्रस्तावित है, तो उसकी पूरी जानकारी एवं संशोधित पुस्तकों की सूची कम से कम 60 दिन पूर्व विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। फीस वृद्धि के संबंध में डीएम ने कहा कि किसी भी विद्यालय द्वारा 10 प्रतिशत से अधिक फीस वृद्धि नहीं की जाएगी। उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डीआईओएस हरिवंश कुमार, बीएसए दिव्या गुप्ता आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद