शाहजहांपुर जिले में जानवर चराने गई बालिका पैर फिसलने से गोशाला स्थित तालाब में गिरने से डूब गई। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शव को तालाब से बाहर निकाला। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
कलान थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर गंगोरा निवासी नौ वर्षीय अंजलि सोमवार सुबह परिवार के बच्चों के साथ गोशाला स्थित तालाब के पास जानवर चराने के लिए गई थी। इस बीच अंजलि का पैर फिसल गया और वह तालाब में गिरने से डूब गई।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
बच्चों के शोर करने पर खेतों में काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर रोते-बिलखते परिजन भी आ गए। ग्रामीणों ने तालाब में घुसकर करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद अंजलि के शव को बाहर निकाला। उसकी मां शिल्पी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने बताया कि अंजलि गांव के ही विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। वह चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। मृतका के पिता राजेश दिल्ली में मजदूरी कर करते हैं। तालाब करीब छह माह पूर्व ही बनाया गया था।