पुवायां। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुत्री और परिजनों से मारपीट, फायरिंग के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि छह फरवरी को वह शाहजहांपुर गए थे। उनकी पत्नी और नाबालिग पुत्री घर में अकेली थी। दोपहर में ममनून खां उनके घर में घुस आया और पुत्री के साथ मारपीट करने लगा। पुत्री के शोर मचाने पर छत पर मौजूद पत्नी नीचे आईं और आसपास के लोग भी मौके पर आ गए। सभी ने मिलकर ममनून को मौके पर ही पकड़ लिया, लेकिन वह किसी तरह मौके से भाग निकला।
कुछ देर बाद ममनून अपने पिता मोमिन, चाचा अमीन, आसिफ, नाजिम, कासिम, हासिम, मोहसिन और जामीन खां के साथ लाठी-डंडे, अवैध असलहे लेकर उनके घर में घुस आया और मारपीट करने लगा। ममनून ने उनके भाई के सिर पर जान से मारने के नीयत से ईंट मारकर घायल कर दिया। मारपीट में भतीजे रबिल हसन के भी चोटें आईं।
मोमिन ने तमंचे से फायरिंग भी की, जिससे उनके परिजन बाल-चाल बच गए। आरोपी गोकशी का काम करते हैं और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। संवाद