पुवायां (शाहजहांपुर)। एक किसान के बैंक खाते से कई बार में ऑनलाइन नौ लाख से अधिक की रकम निकाल ली गई। किसान ने बैंक से जानकारी लेने के बाद पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
गांव आंवा दुगैया निवासी रजनीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी कुछ जमीन बेची थी, जिसकी राशि 900984 रुपये उन्होंने 22 दिसंबर 2020 को अपने पुवायां के बैंक ऑफ इंडिया के खाते में जमा कर दी थी। 12 जनवरी को वह रुपये निकालने गए तो पता चला कि उनके खाते की कुल धनराशि अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर निकाल ली है। भारी धनराशि खाते से गायब होने से उनके होश उड़ गए। पूछताछ करने पर बैंककर्मियों ने उनको सही जानकारी नहीं दी। उन्होंने पासबुक में एंट्री कराई तो पता चला कि रुपयों को कई बार में 22 दिसंबर से चार जनवरी के बीच ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया है। उन्होंने बैंक प्रबंधक से जानकारी चाही तो उन्होंने भी ठीक से बात नहीं की और पुलिस के पास जाने को कह दिया। रजनीश कुमार के अनुसार उनके बैंक खाते में अज्ञात व्यक्ति का मोबाइल नंबर पड़ा है। उनका मोबाइल नंबर खाते में दर्ज नहीं किया गया है। दूसरे का मोबाइल नंबर उनके खाते में कैसे और किसने दर्ज किया इसकी जांच होनी चाहिए। रजनीश ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि शिकायत को साइबर सेल को भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।