तिलहर/शाहजहांपुर। तहसील समाधान दिवस पर मंगलवार को डीएम ने अनुपस्थित लेखपाल मोहित चौहान और विरासत न करने की शिकायत पाए जाने पर लेखपाल रामप्रसाद को निलंबित करने के निर्देश दिए। डीएम के तेवर देख अधीनस्थों में खलबली मच गई। इस दौरान 168 शिकायतों में नौ का मौके पर निस्तारण किया गया।
बारिश के दौरान तहसील पहुंचे डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने अधिकारियों की उपस्थिति पंजिका देखी और लंबित शिकायतों के निस्तारण को देखा। समयानुसार निस्तारण न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। निगोही परगना के गांव बिरहाना की लक्ष्मी देवी ने बताया कि उसके पति सचिन कुमार की 26 मई को मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसने अपनी विरासत बनवाने के लिए लेखपाल को कागजात दे दिए थे। आरोप लगाया कि लेखपाल ने अभी तक उसकी विरासत नहीं दर्ज की। शिकायत पर डीएम ने क्षेत्र के कानूनगो और लेखपाल की जमकर फटकार लगाते हुए एसडीएम मोइन उल इस्लाम को संबंधित लेखपाल रामप्रसाद को निलंबित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने गांव आजमाबाद क्षेत्र के लेखपाल मोहित चौहान को बार-बार बुलाने के बाद भी गैरहाजिर होने पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम को मोहित चौहान के लिए निलंबित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम मोइन उल इस्लाम, सीओ मंगल सिंह रावत, ईओ सर्वेश कुशवाहा, कोतवाल संजय राय, पूर्ति निरीक्षक महेश कुमार, बीईओ संजय कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सदर तहसील सभागार में एसडीएम सदर वेद सिंह चौहान ने फरियादियों की विभिन्न विभागों से संबंधित 70 शिकायतें सुनी। इस दौरान उन्होंने राजस्व, पुलिस, समाज कल्याण, विकास आदि विभागों से संबंधित सात प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया। एसडीएम ने शेष प्रकरण संबंधित विभाग प्रमुखों को संदर्भित कराने के साथ उनका एक सप्ताह में निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार पुष्पेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।