निगोही। पुरानी रंजिश में रविवार की रात दो पक्षों के आमने-सामने आने पर फायरिंग हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों ओर से करीब 20 से 25 राउंड फायर किए गए। फायरिंग में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। इसमें एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना क्षेत्र के बरीगांव में रामरहीस व रामनारायण पक्ष में लंबे समय से रंजिश चल रही है। रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे राम नारायण शराब के नशे में अपने घर की तरफ जा रहे थे। तभी रास्ते में रामरहीस यादव बैठे दिख गए। आमना-सामना होने पर दोनों में गाली-गलौज शुरू हो गई। कुछ देर में दोनों पक्षों के लोग निकल आए। पहले मारपीट हुई, फिर अवैध असलाह निकल आए। दोनों ओर से फायरिंग होने पर रामरहीस यादव (45) व दूसरे पक्ष के राम नारायण (50) व उनका पुत्र अंकित (20) के गोली लग गई। सूचना पर थाना प्रभारी अशोक सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ.नितिन चौधरी ने बताया कि रामरहीस की हालत नाजुक बनी है। इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि बरी गांव में फायरिंग की घटना हुई। मामले में तहरीर आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-