शाहजहांपुर। टीकाकरण से झिझक वाले परिवाराें को जागरूक करने के उद्देश्य से रात्रि चौपाल में प्रोजेक्टर के जरिये जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक और पंचायत के जरिये लोगों को टीके के फायदे गिनाए गए, साथ ही लोगों से टीकाकरण की अपील की गई।
12 जानलेवा बीमारियों से बचाने वाले टीका लगवाने से कुछ परिवार इन्कार कर देते हैं। गर्भवती व बच्चों के टीकाकरण की कम कवरेज को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भावलखेड़ा, बंडा और ददरौल ब्लॉक के गांवों को चिह्नित किया। वहां ग्लोबल एलाइस फॉर वैक्सीनेशन एंड इम्यूनाइजेशन टीम को भेजकर जागरूकता अभियान शुरू किया है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. आसिफ ने बताया कि इन ब्लॉकों के कुछ गांवों की टीकाकरण कवरेज कम है। वहां के पंचायत घर में रात में चौपाल लगाकर प्रोजेक्टर के माध्यम से टीकाकरण के फायदे गिनाए गए हैं। नुक्कड़ नाटक से टीका नहीं लगवाने से होने वाले नुकसान बताए गए हैं। बताया कि फरवरी महीने से सारे ब्लॉकों के गांवों को चिह्नित कर कार्यक्रम कराए जाएंगे, जिससे झिझक वाले परिवारों को टीकाकरण किया जा सके।
पेंटा वन का टीका नहीं लगवाने वाले भी होंगे चिह्नित
नोडल अधिकारी डॉ.आसिफ ने बताया कि विभाग शून्य डोजर बच्चों को भी चिह्नित कर रहा है। ये वे बच्चे हैं, जिनके पेंटा वन तक के टीके नहीं लगे हैं। ऐसे बच्चों पर फोकस कर टीकाकरण कराएंगे।
बाडीगांव में किया जागरूक
नियमित टीकाकरण के लिए भावलखेड़ा के बाडी गांव में रात्रि चौपाल लगाई गई। यहां प्रोजेक्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। ग्रामीणों को गर्भवती महिलाओं व बच्चाें का टीकाकरण कराने की अपील की। इस मोके पर प्रधान के पति फिरासत अली, कोटेदार रामनरेश, पंचायत मित्र श्याम मोहन, बीसीपीएम शैलेंद्र कुमार, आशा सविता, शमीम आदि मौजूद रहे।