बुधवार को निकली धूप में घूमने निकलीं महिलाएं। संवाद
शाहजहांपुर। न्यूनतम तापमान सीजन के निचले स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार रात सीजन की सबसे ठंडी रही। न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लोगों को शाम होते ही सर्दी का अहसास होने लगा। रात में सर्दी बढ़ गई और लोग गर्म कपड़े पहने दिखाई दिए। बुधवार सुबह तेज धूप निकल आई। इससे लोगों को सर्दी से राहत मिली। गन्ना शोध संस्थान के मुताबिक अभी तापमान में और गिरावट होने का अनुमान है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस था। अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की मामूली वृद्धि हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।
डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि वायुदाब 10 मिलीबार गिरा हुआ है। इससे बृहस्पतिवार को बादल छाए रहेंगे। पछुआ हवा चल रही है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने का अनुमान है।