मुख्य विकास अधिकारी पुलकित खरे ने विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में उद्योगों से संबंधित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को उनका निदान अगली बैठक से पहले कराने के निर्देश दिए। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी गैरहाजिर पाए जाने पर सीडीओ ने उनका जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
दरअसल, बैठक में मौजूद उद्यमियों ने शिकायत की कि रोजा में मालगोदाम के पास खराब हो सड़क नहीं बनाए जाने से वहां नेशनल हाईवे पर अक्सर जाम लग जाता है। विभाग का पक्ष जानने के लिए सीडीओ ने एनएचएआई के अधिकारी को तलब किया तो पता चला कि प्राधिकरण ने अपना कोई प्रतिनिधि अधिकारी नहीं भेजा। इस पर सीडीओ का पारा चढ़ गया और उन्होंने अपने स्टेनो को संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया।
धान में सूखन संबंधी छूट के बिल यूपीएसएस द्वारा लंबित रखे जाने का मामला उठने पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को 29 फरवरी तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। बरेली मोड़ से गरई नाले के पानी की निकासी के लिए लोक निर्माण विभाग को धनराशि स्वीकृत कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उद्यमियों ने हथौड़ा चौराहा-अहमदपुर रेती मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की, लेकिन नगरपालिका परिषद के प्रतिनिधि ने बताया कि यह रोड उनकी सीमा से बाहर है। बैठक में आईआईए के संयुक्त सचिव अभिनव ओमर, विश्वमित्र तलवाड़, पीतांबर दास गोयल, रमाकांत मोदी, राकेश गोयल, सुधीर अग्रवाल, आशीष कटियार आदि मौजूद रहे।