शाहजहांपुर। निदेशालय समाज कल्याण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत नई किस्त प्रणाली लागू कर दी है। इसके तहत लाभार्थियों को तीन माह की 3000 रुपये पेंशन राशि अब एकमुश्त के बजाय दो किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के लाभार्थियों को 3000 रुपये की त्रैमासिक पेंशन में राज्य सरकार और भारत सरकार का योगदान 1500-1500 रुपये होगा। वहीं 80 वर्ष से कम आयु के लाभार्थियों के लिए राज्य सरकार का अंश 2400 रुपये तथा भारत सरकार का अंश 600 रुपये निर्धारित किया गया है। किस्त जारी होने के बाद लाभार्थियों को एसएमएस से सूचना दी जाएगी और भुगतान की स्थिति पोर्टल पर भी देखी जा सकेगी।
जिला समाज कल्याण विभाग ने सभी वृद्धावस्था पेंशनधारकों से अपने बैंक खाते की सक्रियता और आधार सीडिंग सुनिश्चित कराने की अपील की है, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी न हो। संवाद