शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के गांव हथौड़ा में रामसनेही की चेहरे पर सूजे मारकर हत्या करने के आरोपी भतीजे अरविंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर दो सूजे भी बरामद किए गए हैं। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि शराब खरीदने के लिए रुपये न देने पर गुस्से में सूजे घोंपकर अपने ताऊ रामसनेही की हत्या की थी।
आरोपी अरविंद ने शुक्रवार रात अपने ताऊ रामसनेही की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की तलाश में तीन टीमों को लगाया था। शनिवार की रात पुलिस ने गुर्री जलालपुर नहर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रेती रोड से बर्फ काटने वाले दो सूजे भी बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रामसनेही की पेंशन आती थी।
शुक्रवार को रामसनेही मेहमानी से वापस आए थे, तब उनके पास रुपये थे। उसने रुपये मांगे, लेकिन ताऊ ने देने से इन्कार कर दिए। इसके बाद उल्टा सूजा पहले मुंह पर मारा, फिर सीधा गाल पर मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया था। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।