शाहजहांपुर। खेलो भारत नगर खेल कुंभ के अंतर्गत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से शनिवार को मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन एनटीआई से शुरू होकर खिरनी बाग स्थित जीआईसी मैदान पर समाप्त हुई। बालिका वर्ग में नेहा और बालक वर्ग में जादूराम प्रथम रहे।
मिनी मैराथन के पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना रहे। बालिका वर्ग में नेहा प्रथम, रोशनी द्वितीय, रागिनी तृतीय रहीं। बालक वर्ग में जादूराम प्रथम, सोनू द्वितीय और राहुल तृतीय रहे। वित्त मंत्री ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि खेलो भारत जैसे अभियान देश की प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। इससे गांव-गांव और शहर-शहर से नई खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी।
प्रांत खेलो भारत प्रमुख रविकांत शुक्ला ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ एवं राष्ट्रनिर्माण के लिए तैयार करना है। मुख्य वक्ता अभाविप के प्रांत मंत्री आनंद कठेरिया ने कहा कि विद्यार्थी परिषद शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कार और समाज सेवा के माध्यम से सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण पर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आकाश सिंह मैसी, विभाग संगठन मंत्री राहुल गंगवार, जिला संगठन मंत्री संदीप सागर, जिला संयोजक योगेंद्र मिश्रा, महानगर अध्यक्ष डॉ. रानू दुबे, महानगर मंत्री आयुष श्रीवास्तव, महानगर सहमंत्री करन सिंह, कैंट नगर मंत्री आशुतोष मिश्रा, आदेश शर्मा मौजूद रहे। मंच संचालन वैभव सक्सेना ने किया।