शाहजहांपुर। रोजा पॉवर सप्लाई कंपनी में सोमवार को श्री दुर्गा पूजा उत्सव हर्षोल्लास से शुरू हो गया। इस अवसर पर मां भगवती का दरबार सजाया गया, जिसमें फैक्ट्री के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सपरिवार पूजन कर आरती उतारी और प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
मंडल में मां भगवती के दरबार का अनावरण कंपनी के डायरेक्टर एमके परमेश्वरन ने किया। पांच दिवसीय उत्सव में दोपहर को सभी ने सामूहिक भोज का भी आनंद लिया। महिलाओं और युवतियों ने मां भगवती के छंद और गीत गाकर उनका गुणगान किया। शाम को श्रद्धालुओं ने महामाई के गीत गाकर खूब नृत्य किया। इस बीच लेडीज क्लब और इंजीनियर्स ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं, बच्चों, युवाओं और पुरुषों ने सामूहिक नृत्य, गीत, भजन, नाटक आदि प्रस्तुत कर खूब धमाल मचाया। श्री दुर्गा पूजा उत्सव शुरू होने से टाउनशिप में काफी रौनक बढ़ गई है। उत्सव के उपलक्ष्य में टाउनशिप को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है।