शाहजहांपुर। हाईवे के खुदे पड़े फुटपाथ और पुलिस की लापरवाही रोजा में रोज-रोज जाम का कारण बन रही है। शुक्रवार सुबह रोजा में करीब दो घंटे हाईवे पर जाम लगा रहा, जिससे चार किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गईं। इसके बाद जाम तो खुल गया, लेकिन शाम तक वाहन रेंगकर चलते रहे।
हाईवे चौड़ीकरण के लिए रोजा से पुत्तूलाल चौराहे तक फुटपाथ खोदकर डाल दिया गया है। दूसरे रोजा में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए लगाए गए पुलिस वाले इधर-उधर रहते हैं। इस कारण पिछले करीब एक महीने से रोजा में जाम की समस्या बनी हुई है। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे रोजा बाईपास तिराहे पर एक ठेकेदार ने डिवाइडर बनाने के लिए निर्माण सामग्री डाल दी। इससे एक तरफ की सड़क पर आवागमन बंद हो गया। वनवे ट्रैफिक होने से कुछ ही देर में रोड पर जाम लग गया। धीरे-धीरे दोनों तरफ करीब चार किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गईं। जाम से हालात बिगड़े तब जाकर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ठेकेदार से कहकर रोड पर पड़ी निर्माण सामग्री हटवाई। तब कहीं 11 बजे जाकर जाम खुला। जाम खुला तो रोजा मंडी में फंसे ट्रैक्टर ट्राली निकलने लगे, जिससे कुछ देर बाद दोबारा जाम की स्थित बन गई। ट्रैक्टर-ट्राली निकलने की वजह से वन-वे ट्रैफिक चला, जिसकी वजह से शाम तक वाहन रेंगते रहे। जाम के चलते तमाम लोग अटसलिया फाटक से होकर निकले।
रोजा में हाईवे के किनारे खुदे पड़े होने की वजह से दिक्कत आ रही है। फिर भी रोजा इंस्पेक्टर को ट्रैफिक नियंत्रण करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई ड्यूटी में लापरवाही करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - एस आनंद, एसपी