खुटार। गांव तुलापुर निवासी विपिन दीक्षित (32) की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पिता ने गांव के चार लोगों पर मारपीट के बाद जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विपिन के पिता रामकिशोर दीक्षित ने दर्ज कराई रिपोर्ट में गांव के कुलदीप उर्फ मोनू, संजय शुक्ला, तरुण शुक्ला और विवेक शुक्ला पर आरोप लगाया है कि चारों लोग गांव में जगह-जगह बैठकर उनके परिवार की एक महिला पर टिप्पणी कर रहे थे। रविवार सुबह विपिन ने चारों से इसकी शिकायत की। इस पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडों और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। आरोप है कि पिटाई के बाद चारों ने विपिन को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया और मौके से भाग गए।
रामकिशोर के अनुसार, विपिन ने घर पहुंचकर परिजनों को आरोपियों के पिटाई करने और जहरीला पदार्थ खिलाने की जानकारी दी। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मौत हो गई। विपिन की मौत से पिता रामकिशोर, पत्नी दामिनी दीक्षित समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विपिन मजदूरी करते थे। उनकी तीन माह की बेटी है।
सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।
पुलिस की कार्यशैली पर परिजनों ने उठाए सवाल
विपिन के परिजनों का आरोप है कि रविवार सुबह आरोपियों ने पहले विपिन के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की थी। इस पर यूपी-112 पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और समझौता करा दिया। आरोप है कि पुलिस के वापस जाने के बाद आरोपियों ने खेत जाते समय विपिन को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। परिजनों का कहना है कि पहली शिकायत पर ही पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर देती तो उनके हौसले नहीं बढ़ते।