थाना सदर बाजार पुलिस की गिरफ्त में आरोपी अभिषेक। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने बुधवार की रात पुराना पोस्टमॉर्टम हाउस के पास से पीलीभीत के थाना बीसलपुर क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी नवदिया निवासी हत्या के आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार किया। वह शहर के मोहल्ला बहादुरपुरा में रह रहा था। तीन फरवरी को न्यायालय के आदेश पर मोहल्ला बहादुरपुरा निवासी गुड्डू यादव की ओर से अभिषेक समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
गुड्डू ने बताया था कि विपक्षी उससे व उसके भाई नन्हे से रंजिश मानते थे। 20 अक्तूबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे बड़े भाई नन्हे घर से खाना खाकर बाहर टहलने गए थे। इस बीच पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने रंजिशन नन्हे के साथ मारपीट की और उन्हें बेहोश हालत में जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया।
भाई का पता रोजा लिखवा दिया था। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।