नगर निगम कार्यालय परिसर में जुटे सफाई कर्मचारी
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर में नगर निगम के सफाईकर्मी बृहस्पतिवार को फिर से हड़ताल पर चले गए। इस दौरान नगर निगम कार्यालय में एकत्र हुए कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। महापौर और नगर आयुक्त के लिखित में मांगों को मानने के आश्वासन पर सफाईकर्मी शांत हुए लेकिन काम पर नहीं लौटे। सुबह सफाई न होने से पूरे शहर में गंदगी फैली हुई है।
अपर नगर आयुक्त पर अभद्रता का आरोप लगाकर बुधवार को सुबह सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम में प्रदर्शन के बाद खिरनीबाग चौराहे पर जाम लगा दिया था। महापौर अर्चना वर्मा ने अपर नगर आयुक्त से स्पष्टीकरण मांगने और अन्य मांगों को मानने का आश्वासन दिया था। 24 घंटे के अंदर कार्रवाई न होने पर सफाई कर्मचारी बृहस्पतिवार को फिर से हड़ताल पर चले गए। सुबह शहर में सफाई नहीं हुई।
नगर निगम में एकत्र हुए सफाईकर्मियों ने जमकर नारेबाजी की। अधिकारियों के समझाने पर सफाईकर्मियों ने मांगें मानने की बात लिखित में मिलने पर ही काम पर लौटने की बात कही। इस पर अधिकारियों ने शाम तक का वक्त मांगा है। सफाई कर्मी बायोमीट्रिक से हाजिरी न लगाने, गरमी के कारण केवल सुबह की शिफ्ट में सफाई कार्य कराने की भी मांग कर रहे हैं।