शाहजहांपुर। न्यू सिटी ककरा में स्थित जैव-विविधिता पार्क में हल्दी की खेती कराई जाएगी। जिसको लेकर नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने संबंधितों को निर्देशित किया है।
बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त संतोश कुमार शर्मा ने जैव विविधता पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में पौधों की स्थिति को देखा। जैव विविधता पार्क में ही विकसित किए गए मियांवाकी पार्क में खाली पड़ी जगह पर पौधों को लगवाने, प्राकृतिक रुप से जंगल जलेबी, जंगली बेर आदि पौधों को वन विभाग से संपर्क स्थापित कर संरक्षित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जैव- विविधता पार्क में एक स्थल पर हरा सेमल, देशी जामुन व वहीं पर पेड़ों के नीचे छांव में हल्दी की खेती कराए जाने के लिए भी निर्देश दिए। उपहार उपवन योजना के तहत लोगों से अपने जन्मदिन, शादी की सालगिराह व अपनों की याद में पौधों को लगाने की अपील की गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार से कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत की जाने वाली बैठकों का भी आयोजन जैव-विविधता पार्क में ही करें।