नगर निगम के नए भवन में कमरों के आवंटन के कार्य का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी।
शाहजहांपुर। नगर निगम के नए कार्यालय भवन में मंगलवार से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी। कमरों का आवंटन और अभिलेखों की शिफ्टिंग पूरी न होने के कारण अधिकतर विभागों का स्टाफ पुराने कार्यालय में ही बैठा रहा। हालांकि, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने नए भवन का निरीक्षण कर विभागवार कमरों का आवंटन करा दिया है। जल्द ही सभी विभागों का काम नए भवन से शुरू होने की उम्मीद है।
नगर निगम के नए कार्यालय में 24 अगस्त से नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी और अपर नगर आयुक्त अजय त्रिपाठी बैठ रहे हैं। नगर आयुक्त ने चार दिन पहले निर्देश दिए थे कि नए भवन में फर्नीचर पहुंच चुका है, इसलिए मंगलवार से सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी नए कार्यालय में बैठेंगे। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कुछ विभागों के अधिकारी नए भवन में पहुंचे, लेकिन अधिकांश स्टाफ पुराने कार्यालय में ही काम करता रहा।
दरअसल, नए भवन में विभागवार कमरों का आवंटन नहीं हुआ था। साथ ही कई विभागों के अभिलेख भी पुराने कार्यालय से नए भवन में नहीं पहुंच पाए थे। इस कारण पूरी तरह शिफ्टिंग नहीं हो सकी।
स्टाफ के हिसाब से किए कमरे आवंटित
नगर आयुक्त ने नए भवन का निरीक्षण कर विभागवार कमरों का आवंटन कराया। उन्होंने स्टाफ की संख्या और विभागों की जरूरत के हिसाब से कमरों का निर्धारण किया है। सभी कमरों पर नंबर डाले जा रहे हैं। इसके अलावा भूतल पर विभागवार सूची लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नगर निगम आने वाले लोगों को संबंधित अधिकारी या विभाग तक पहुंचने में परेशानी न हो।
नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने बताया कि नए भवन में सभी विभागों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया में थोड़ा समय लगता है। लगभग सभी विभागों के लिए कमरे आवंटित कर दिए गए हैं। जल्द ही सभी विभागों का कार्य नए भवन से संचालित होने लगेगा।