बरेली मोड़ स्थित एकेसी मोटर्स से जेसीबी मशीन से वाहन खींचकर ले जाते नगर निगम कर्मचारी। स्रोत:
- फोटो : Archive
शाहजहांपुर। नगर निगम प्रशासन ने बरेली मोड़ स्थित एकेसी मोटर्स से अपने 17 वाहन जेसीबी से उठवा लिए। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि फर्म को कई बार वाहनों की मरम्मत के लिए एस्टीमेट दिए गए, लेकिन वाहन ठीक नहीं किए गए। वहीं, फर्म संचालक ने निगम पर एस्टीमेट स्वीकृत न करने और बिना सूचना वाहन उठवाने का आरोप लगाया है।
फर्म के डायरेक्टर शिवम अग्रवाल ने बताया कि वाहन वर्ष 2022 से फर्म में खड़े थे। कई बार एस्टीमेट बनाकर निगम को दिया गया, लेकिन अप्रूवल नहीं मिला। शनिवार को बिना पूर्व सूचना के नगर निगम कर्मचारियों ने वाहन उठा लिए। उस समय वह शहर से बाहर थे। कर्मचारियों ने 25 अक्तूबर को मुलाकात का आश्वासन भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद वाहन ले गए।
नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने बताया कि वाहन मरम्मत के लिए फर्म को दिए गए थे। एस्टीमेट भेजने के बाद भी मरम्मत नहीं की गई। वाहनों को वापस लाया गया है। भुगतान और शुल्क के संबंध में जांच कराई जाएगी।