शाहजहांपुर। विकास भवन में शनिवार को नगर निगम बोर्ड की बैठक में अतिक्रमण का मुद्दा उठा। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अतिक्रमण हटाने तथा नाला-नाली को कब्जामुक्त करने के निर्देश दिए। बैठक में पार्षदों ने विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव भी सौंपे।
महापौर अर्चना वर्मा की अध्यक्षता में नगर निगम बोर्ड की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। इसमें मुख्य अतिथि वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना रहे। इस दौरान अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालियों की सफाई और चौड़ीकरण में कोई ढिलाई न हो। कार्रवाई के दौरान किसी का मकान अनावश्यक न गिराया जाए।
मंत्री ने कहा कि नालियों पर कब्जा शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित करता है जिससे बारिश में जलभराव होता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अवैध निर्माण हटा लें, ताकि प्रशासन को सख्त कदम न उठाने पड़ें।
बैठक में सुभाषनगर क्षेत्र में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट के प्रारंभिक अवशेष 70 करोड़ तथा अनुमानित प्राप्तियां तीन अरब 50 करोड़ 93 लाख तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अनुमानित व्यय तीन अरब 81 करोड़ 50 लाख रुपये के प्रस्ताव रखे गए। इन्हें सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
वित्त मंत्री ने सुझाव दिया कि भविष्य में सभी बैठकों की वीडियोग्राफी भी कराई जाए। इससे बैठक में लिए गए निर्णयों में पारदर्शिता बनी रहेगी। मंत्री ने कहा कि महानगर क्षेत्र में स्थित नाले-नालियों की बेहतर सफाई कराई जाए। प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए।
पार्षदों से अपील की गई कि वे अपने वार्डों में सुनयोजित ढंग से विकास कार्यों को कराएं। पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं को रखा। इस पर महापौर व नगर निगम के अधिकारियों ने कार्यों को पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। महापौर को छह नए सदस्यों के चयन के लिए अनुमति दी गई क्योंकि 6 सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया है।
इसके अलावा टैक्स वसूली में सुधार के लिए रणनीति बनाई गई। ई-स्मार्ट कंपनी का ठेका 30 अक्तूबर को निरस्त कर दिया गया है। इस दिशा में कदम उठाने के लिए पार्षदों ने पत्र सौंपे। 10 दिनों तक सफाई अभियान चलाने के लिए महापौर को रणनीति बनाने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में ददरौल विधायक अरविंद सिंह, डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर, कार्यकारिणी समिति के उप-सभापति वेद प्रकाश मौर्य, नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, पार्षद रामबरन सिंह चंदेल, विपिन यादव, रूपेश कुमार वर्मा अन्नू आदि मौजूद रहे।
पार्षद बोले-कई बार शिकायत की पर नहीं हुई कार्रवाई
बैठक में लोधीपुर वार्ड तीन के पार्षद रूपेश कुमार वर्मा अन्नू ने पत्र देकर सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि बूलनशाह की मजार के सामने, खन्नौत नदी के पुल के पास सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कराया जा रहा है। जमीनों के बैनामे भी किए जा रहे हैं। पूर्व में कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस पर वित्त मंत्री ने सख्ती से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पार्षद ने अपने क्षेत्र में रेलवे लाइन के पार के क्षेत्र में विकास कार्य न होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यहां पर सौ से ज्यादा मकान बने हुए हैं लेकिन वहां पर कोई भी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कर विद्यालय और अस्पताल बनवाने की मांग भी की।