नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात करते सांसद अरुण सागर। स्रोत : सांसद
शाहजहांपुर। सांसद अरुण सागर ने बुधवार को रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद सांसद ने दावा किया है कि मैलानी-फर्रुखाबाद रेलवे लाइन को रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
सांसद अरुण सागर ने मैलानी से फर्रुखाबाद तक रेलवे लाइन बनाने का मामला संसद में उठाया था। सांसद के अनुसार रेलवे लाइन की स्वीकृति की जानकारी मिली थी। बुधवार को वह रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से उनके कार्यालय में मिले। सांसद ने रेल मंत्री के समक्ष संसदीय क्षेत्र में रेलवे संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की। रेल मंत्री ने सांसद को बताया कि मैलानी, फर्रुखाबाद रेलवे लाइन को स्वीकृति प्रदान कर धन आवंटन भी कर दिया गया है। सांसद ने बताया कि बहुत जल्द रेलवे लाइन का निर्माण शुरू हो जाएगा। रेल मंत्रालय की तरफ से संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। परियोजना के बारे में अधिकारियों को अवगत कराया गया है। फर्रुखाबाद-शाहजहांपुर-मैलानी रेलवे लाइन से संबंधित दस्तावेज भी पूरे किए जा चुके हैं। अब कार्ययोजना के अनुसार बजट आवंटन होगा और भूमि अधिग्रहण आदि का काम शुरू हो जाएगा। फर्रुखाबाद-शाहजहांपुर-मैलानी रेलवे लाइन बनने से इन जिलों में आने-जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
-
नई रेलवे लाइन से मैलानी से लेकर फर्रुखाबाद तक तेज गति से दौड़ेगी विकास की रेल
पुवायां। मैलानी-फर्रुखाबाद नई रेलवे लाइन से तीन जिलों में विकास की गति को नए पंख लगेंगे। लगभग 150 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना के पूरा होने से लखीमपुर, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।
संप्रग सरकार में रेलमंत्री रही ममता बनर्जी ने बजट में शाहजहांपुर से फर्रुखाबाद रेल लाइन बिछाने का प्रस्ताव रखा था। वर्ष 2011 में रेलवे की ओर से सर्वे भी कराया गया था। टीम ने अपनी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को दे दी थी। बाद में सर्वे रेल बोर्ड की फाइलों में सिमट कर रह गया था। नार्थ ईस्टर्न रेलवे गोरखपुर की ओर से किए गए सर्वे की रिपोर्ट वर्ष 2015 में केंद्र सरकार को भेजी गई थी। सर्वे के मुताबिक, उक्त रेलवे लाइन फर्रुखाबाद, अल्हागंज, जलालाबाद, कांट तथा बंथरा होते हुए बरेली की मेन लाइन से जोड़ी जानी थी। करीब 154 किलोमीटर लंबी इस लाइन की लागत तक 13 अरब रुपये आंकी गई थी, साथ ही यातायात सर्वे में भी इस लाइन को 3.64 प्रतिशत लाभकारी होना दर्शाया गया था। मैलानी फर्रुखाबाद रेलवे लाइन से किसानों और व्यापारियों को बड़ा लाभ होगा। इसके साथ ही यात्रियों को दूरदराज तक जाने के लिए दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।