शाहजहांपुर/पुवायां। शाहजहांपुर के छह विधानसभा क्षेत्र के विधायक और एमएलसी ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में भेंट की। विधायकों ने कोलाघाट पुल के साथ अन्य पुल, बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाने, बिजली की समस्या और निराश्रित पशुओं के लिए गोशाला बनाने के मुद्दों पर वार्ता की। मुख्यमंत्री ने समस्याओं के हल का आश्वासन दिया है।
एमएलसी डाॅ. सुधीर गुप्ता और विधायक चेतराम ने बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव में कहां कितने वोट मिले, इसकी जानकारी ली। जहां कम वोट मिले हैं, वहां के विधायकों के कारण जाने गए और जहां अच्छा प्रदर्शन हुआ है, वहां के विधायकों के कार्य से दूसरों को सीख लेने को कहा गया। एमएलसी ने मुख्यमंत्री के समक्ष शाहजहांपुर के कोलाघाट पुल को चार पहिया वाहनों के लिए खोले जाने, पीलीभीत में धनाराघाट पुल नया बनवाने, माधौटांडा को ब्लाक और नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग उठाई। एमएलसी ने पीलीभीत और शाहजहांपुर में बिजली सप्लाई ठीक से नहीं मिलने की बात भी रखते हुए बिजली अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश देने की मांग रखी।
सेतु निगम के अधिकारियों को दिए निर्देश
जलालाबाद। विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कोलाघाट पुल की समस्या को मुख्यमंत्री के सामने उठाया। मुख्यमंत्री ने पुल की स्थिति की जांच किसी और एजेंसी से कराने के निर्देश सेतु निगम के अधिकारियों को दिए हैं। विधायक ने बताया कि कोलाघाट पुल से चारपहिया वाहनों का जल्द से जल्द संचालन शुरू कराने और क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी तरह की जांच की सुविधाएं मुहैया कराने की मांग रखी। संवाद
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के लिए कहा
तिलहर। विधायक सलोना कुशवाहा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायकों से लोकसभा चुनाव की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जनता के बीच रहने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से कहा है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में वृहद गौशाला बनवाने का प्रस्ताव भेजें। निराश्रित जानवरों को रखने के लिए गोशाला का निर्माण कराया जाएगा। संवाद
बाढ़ग्रस्त जिला घाषित करने की मांग
मीरानपुर कटरा। कटरा से भाजपा विधायक डॉ. वीरविक्रम सिंह प्रिंस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शाहजहांपुर को बाढ़ग्रस्त जिला घोषित करने की मांग की है। उन्होंने बाढ़ से पीड़ित किसानों को ज्यादा से ज्यादा आर्थिक सहायता दिए जाने की मुख्यमंत्री से मांग की है। उन्होंने कटरा विधानसभा क्षेत्र में मानक के अनुसार विद्युत आपूर्ति नहीं दिए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई है। संवाद