रामवीर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। मीरानपुर कटरा-जलालाबाद राजमार्ग पर शनिवार रात दो सांड़ों की लड़ाई के बीच बाइक से गुजर रहे रामवीर सिंह उर्फ रामू (37) को एक सांड़ ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रामवीर की रविवार शाम करीब सात बजे बरेली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
गांव फीलनगर निवासी बृजनंदन सिंह ने बताया कि उनका बेटा रामवीर सिंह उर्फ रामू शनिवार रात करीब 10 बजे बाइक से दवा लेने मीरानपुर कटरा जा रहा था। अनुष्का मोबाइल गैलरी के पास राजमार्ग पर दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान रामवीर दोनों के पास से बाइक लेकर निकला। तभी एक सांड़ बाइक से टकरा गया और उसने रामवीर को सींग मार दिया। हादसे में उसके सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
परिजन गंभीर हालत में रामवीर को उपचार के लिए बरेली के अस्पताल ले गए, जहां रविवार शाम करीब सात बजे उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पत्नी अनीता देवी, बुजुर्ग पिता बृजनंदन सिंह और छोटे भाई श्यामवीर सिंह व भानू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कृषि कार्य करने वाले रामवीर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
तिलहर सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि राजमार्ग पर गोवंशीय पशुओं और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर एसडीएम से वार्ता की जाएगी। समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
सांड़ के हमले में महिला घायल
पुवायां। सांड़ ने हमला कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शनिवार को मोहल्ला हरदयाल कूंचा निवासी कृष्ण गुप्ता की पत्नी रानी गुप्ता किसी काम से शाहजहांपुर गईं थी। रात लगभग 10 वह पुवायां के राजीव चौक पर बस से उतरकर पैदल घर जा रहीं थीं। राजा मार्केट में उनके ऊपर एक सांड़ ने हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने सांड़ को बमुश्किल भगाकर रानी गुप्ता को बचाया। जानकारी पाकर पहुंचे परिजन उनको सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने रानी गुप्ता को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। संवाद