तिलहर। बाइक अनियंत्रित होने से नीचे गिरे बराह मोहब्बतपुर निवासी सूरजपाल (20) की गर्दन खेत पर लगे तार से कट गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 15 दिन पहले ही उनकी नवजात बेटी की मौत हो गई थी।
करीब एक वर्ष पूर्व सूरजपाल की शादी हुई थी। सूरजपाल शुक्रवार शाम अपनी पत्नी उषा और सास को बिरसिंहपुर छोड़ने गए थे। वापसी में गांव विट्लपुर प्रहलादपुर के पास मोड़ के आगे उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। खेत में लगे तार से गर्दन कटने से उनकी मौत हो गई। पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा ने बताया कि तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद