कांट। नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने के आरोपी वैन चालक की मां को कांट पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसपर दुष्कर्म के आरोपी बेटे की मदद करने का आरोप है।
प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार ने बताया कि चार नवंबर को कांट क्षेत्र में स्थित एक कांवेंट स्कूल में पड़ने वाली नाबालिग छात्रा को स्कूल वैन चालक शिवांशु बहला-फुसला कर अपने घर ले गया था। यहां उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। वैन चालक ने छात्रा को धमकी दी थी कि अगर उसने घटना के बारे ने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। पुलिस ने शिवांशु को घटना के दूसरे दिन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने पीड़ित छात्रा के बयान और साक्ष्यों के आधार पर शिवांशु की मां नीता को भी आरोपी बनाया है। प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार ने बताया कि नीता को पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर ददरौल मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक जब वैन चालक छात्रा को घर लेकर आया था तब उसकी मां भी वहां मौजूद थी। उसने अपने बेटे की हरकत का विरोध करने की जगह मदद की। इसी आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है।