चैत्र नवरात्र शनिवार से आरंभ हो गए। मां भगवती के भक्तों ने उपवास रखकर मंडपों में मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री का आवाहन कर उनकी स्तुति की और मनौती मांगी। उधर, मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह से लेकर देर रात तक प्रमुख मंदिरों में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं की खासी भीड़ जुटी रही।
नवरात्र पर घरों में महिलाओं ने सुबह से ही धुलाई-सफाई कर मइया का दरबार सजाया और मां शैलपुत्री का आवाहन कर उनकी विधि विधान से पूजा अर्चना की। हवन में आहुतियां डालकर देवी भगवती को भोग लगाया गया और आरती कर मनौती मांगी। इस बीच श्री दुर्गा सप्तशती, श्री दुर्गा चालीसा आदि का पाठ भी किया गया। उधर, मंदिरों में खासतौर पर मां काली मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, बक्सरियां के दुर्गा मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर, ओसीएफ मंदिर, सरायंकाइयां, रेती समेत गली-मोहल्लों के मंदिरों में भक्तों की खासी भीड़ रही।
भक्तों ने मंदिरों में मां भगवती को प्रसाद अर्पित कर आरती की और शीश झुकाकर मन्नतें मांगी। शाम को महिलाओं ने मंदिर परिसर में मइया के दरबार के समक्ष ढोलक की थाप पर छंद-गीत गाकर मां दुर्गा का गुणगान किया। इस दौरान सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा के प्रबंध रहे।
मीरानपुर कटरा। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस मौके पर बाबा गरीबदास की मढ़ी, राधा कृष्ण मंदिर, काली देवी मंदिर, कनौजिया मंदिर सहित कई मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगीं। इस अवसर पर मंदिरों के आसपास नगर पंचायत की ओर से सफाई के विशेष इंतजाम किए गए।
गायत्री मंत्र का अखंड जप शुरू
गायत्री शक्तिपीठ पर नवरात्र पर गायत्री मंत्र का अखंड जप शुरू किया गया। साथ ही नौ कुंडीय यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर मनौती मांगी। इस अवसर पर अवधेश सिंह, विद्याधर मिश्र, इंदु शर्मा, उर्मिला ठाकुर, जय सिंह यादव आदि ने नवरात्र के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन में रामनिवास त्रिवेदी, कौशलेंद्र मिश्र, गंगाराम, मायाराम, सूरज वर्मा, रंजीत वर्मा, सुशील कुमार आदि का योगदान रहा।
मइया का जगराता आज
रविवार को खिरनीबाग केनरा बैंक के समीप मां दुर्गा का जगराता होगा। आयोजक मंडल ने बताया कि जगराता के दौरान आकर्षक झांकियां भी सजाई जाएंगी।