मीरानपुर कटरा में हादसे के बाद नेशनल हाईवे लगी देखने वाले की भीड़ ।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ- दिल्ली नेशनल हाईवे पर मीरानपुर कटरा ओवरब्रिज के पास रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करते समय दंपती और उनकी दो बेटियां सड़क पर जा गिरीं। उसी ट्रक के पहिया से कुचलकर मां-बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने करीब आधे घंटे तक नेशनल हाईवे जाम रखा और जमकर हंगामा किया। भीड़ में शामिल लोग ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे सपा के पूर्व विधायक राजेश यादव ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया।
बरेली के बिथरी चैनपुर निवासी उपेंद्र पाल पत्नी अनुपम और दो बेटियों के साथ शुक्रवार को मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव सालपुर अपनी फुफुआ सास के घर कनागत की दावत खाने आए थे। शनिवार शाम करीब चार बजे उपेंद्र पत्नी और दोनों बेटियों सहित बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। सबसे छोटी छह माह की बेटी गुड़िया मां अनुपम की गोद में थी। उपेंद्र मीरानपुर कटरा का मुख्य चौराहे से बरेली की ओर मुड़ने के बाद आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। तभी ओवरब्रिज के पास बाइक अनियंत्रित होने से उपेंद्र पाल बाइक समेत दाहिनी तरफ जा गिरे। जबकि उनकी पत्नी अनुपम और दोनों बेटियां बाईं ओर सड़क पर गिरीं। तभी उसी ट्रक का पहिया अनुपम (23) और छह माह की बेटी गुड़िया के ऊपर चढ़ गया, जिसके नीचे कुचलने से दोनों की मौके पर मौत हो गई। उपेंद्र की दूसरी बेटी नैना (4) ट्रक के पहिया के नीचे आने से बच गई, लेकिन सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि इस हादसे में उपेंद्र को खरोंच तक नहीं आई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया।
इस हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे का पता लगने पर सालपुर गांव से उपेंद्र के तमाम रिश्तेदार मौके पर जा पहुंचे। मां-बेटी को कुचला देख भीड़ के सब्र का बांध टूट गया और लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। महिलाएं रोड पर बैठ गईं। लोग ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। मौके पर मौजूद पुलिस वाले समझाने की कोशिश में जुटे रहे, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। हाईवे पर जाम लगने से कुछ ही देर में वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। उसी दौरान उधर से गुजर रहे सपा पूर्व विधायक राजेश यादव अपनी गाड़ी रोककर नीचे उतरे। उन्होंने पीड़ित लोगों को समझाया और ट्रक चालक को गिरफ्तार कराने का आश्वासन दिया। इस बीच पहुंचे ग्राम प्रधान ने भी समझाया। इस पर लोग शांत हो गए और करीब आधा घंटे बाद जाम खोल दिया गया। कटरा पुलिस ने घायल बच्ची को अस्पताल भिजवा दिया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। देर शाम तक पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी रही।