उर्वशी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। कलान के निजी अस्पताल में मंगलवार शाम डिलीवरी के दौरान परौर के बर्खेमई गांव निवासी 30 वर्षीय उर्वशी के बच्चे की मौत हो गई। इसके एक घंटे बाद उर्वशी की भी मौत हो गई। परिजनों ने डाॅक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
उर्वशी के पति सतेंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी गर्भवती थी। मंगलवार की सुबह प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी उर्वशी को कलान के एक निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया था। जहां डॉक्टर ने ऑपरेशन की बात कही और 40 हजार रुपये जमा करा लिया। शाम करीब पांच बजे मृत बच्चा पैदा हुआ।
डॉक्टर ने कहा कि उर्वशी की हालत ठीक है। बच्चे को जाकर दफना दो। बच्चे को दफनाकर आए तब तक पत्नी की ठीक थी। जैसे ही घर पहुंचे, डॉक्टर ने फोन किया कि मरीज की हालत ठीक नहीं है। सरकारी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराओ। आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही से पत्नी और बच्चे की मौत हुई है। डॉक्टर से जबरदस्ती पत्नी को एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल भेजने का प्रयास किया। मना करने पर पीछे के गेट से भाग गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। कलान इंस्पेक्टर प्रभाष चंद्र ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम भिजवा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।