शाहजहांपुर। शंभू बॉर्डर पर किसान आंदोलन के चलते नियमित के साथ ही विशेष ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया है। ट्रेनें निर्धारित समय से एक या दो नहीं 8 से 13 घंटे तक देरी से आ रही हैं। मंगलवार को भी सुबह की दो ट्रेनें रात को आईं। इंतजार करते-करते यात्री थक-हारकर स्टेशन के फर्श पर ही चादर बिछाकर सो गए।
मंगलवार को नियमित ट्रेनों में जहां 15910 अवध आसाम एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से आई तो 13005 अमृतसर जंक्शन हावड़ा एएसआर मेल दो घंटा लेट रही। विशेष ट्रेनों में शामिल 04310 गोरखपुर विशेष फेयर समर स्पेशल अपने निर्धारित समय शाम 6:30 की बजाय रात 9:23 बजे करीब तीन घंटे की देरी से आ सकी।
सुबह 6:49 बजे आने वाली 13308 सतलुज एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 14 घंटा 42 मिनट तथा सुबह 4 बजे की ट्रेन 12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस के 18 घंटा 20 मिनट की देरी से चलीं। ऐसे में जिन लोगों को सुबह ही यहां आना था, वे देर रात आ सके। इसके बाद दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों व पड़ोसी जिलों तक ट्रेन का साधन न होने पर यात्रियों को डग्गामार व रोडवेज बसों से सफर किया। कई यात्री ट्रेन का इंतजार करते-करते स्टेशन पर ही सो गए।