शाहजहांपुर। कैंट स्थित मैदान पर सोमवार को मॉर्निंग क्लब और असद इलेवन के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। निर्धारित 12 ओवर में स्कोर बराबर रहने पर मैच का फैसला सुपर ओवर से हुआ, जिसमें मॉर्निंग क्लब ने जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मॉर्निंग क्लब की टीम 10.5 ओवर में 79 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज गौरव ने चार और कप्तान अकरम ने 10 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज यश खाता खोले बिना आउट हो गए। शुरुआती झटकों के बाद अन्य बल्लेबाजों के छोटे-छोटे योगदान से टीम 79 रन तक पहुंच सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी असद इलेवन की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज समेत तीन खिलाड़ी शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान कामरान खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 रन बनाए। उनकी पारी में पांच छक्के और एक चौका शामिल रहा। टीम ने 12 ओवर में 79 रन बनाकर मुकाबला टाई करा दिया। इसके बाद हुए सुपर ओवर में असद इलेवन के दो खिलाड़ी शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद मॉर्निंग क्लब के गौरव ने छक्का मारकर टीम की जीत सुनिश्चित की।