सोमवार को शहर में निकलने वाले जुलूसे मीलादुन्नबी की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों के साथ बैठक की। तेल टंकी स्थित मस्जिद में हुई बैठक में मुख्य आयोजक दावते इस्लामी के जिला निगरा अनीस अत्तारी ने पुलिस को जुलूस की रूपरेखा बताई और अपेक्षित सहयोग की अपील की। थाना सदर बाजार प्रभारी गजेंद्र सिंह ने आयोजकों को पुलिस विभाग की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्हाेंने कहा कि जुलूस को शांतिपूर्वक निकाला जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए और जरूरत पड़ने पर पुलिस अधिकारियों से तत्काल संपर्क साधा जाए। इस मौके पर जुलूस के व्यवस्थापकों को परिचय पत्र के साथ विभिन्न स्थानों की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक में आयोजन से जुड़े तमाम लोग मौजूद रहे।
जुलूस को निकालने को लेकर हुई बैठक
तिलहर। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर सोमवार को निकाले जाने वाले जुलूसे मोहम्मदी की तैयारियों को लेकर एक बैठक मदरसा शमसिया फैजाने हातम में हुई। इसमें जुलूस को पुरअमन तौर पर निकाले जाने पर विचार विमर्श किया गया। दरगाह शाह शमसुद्दीन मियां के सज्जादानशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का जुलूस मोहल्ला कच्चा कटरा से निकाला जाएगा। शहर पेश इमाम हकीम मोहम्मद स्वालेह उर्फ शद्दन मियां ने कहा कि यह दिन इंतेहाई खुशी का दिन है। शहर काजी मोहम्मद अकरम सलीम ने कहा कि जुलूस के दौरान कोई ऐसा काम न करें जिससे किसी को तकलीफ हो। लंगर को अदब के साथ बांटे। जुलूस के दौरान डीजे बजाने से बचें। बैठक में मोहम्मद हुसैन उर्फ अच्छन मियां, मौलाना अलीमुददीन, हाफिज जाहिद, हाफिज अदीब, हाफिज फहीम, कारी इदरीस, कारी निजामुददीन, तारिक खां, मौलाना इमरान, मौलाना सुहेल रजा, हाफिज नवेद, शौकत खां, आसिफ फरीदी आदि मौजूद रहे।