पुवायां क्षेत्र की सपा विधायक शकुंतला देवी ने लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भेंट की और उन्हें फसली नुकसान से तबाह हुए जिले के किसानों को भरपूर मुआवजा देने के साथ उनके सभी कर्जे माफ करने का अनुरोध किया।
लखनऊ से लौटकर विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात गंभीरता से सुनकर फसलों के नुकसान की पर्याप्त क्षतिपूर्ति कराने के साथ छह माह तक किसानों से सभी कर्जों की वसूली पर रोक लगाने का आश्वासन दिया। विधायक के अनुसार उनकी संस्तुति के आधार पर मुख्यमंत्री ने पुवायां क्षेत्र के गांव नवाबपुर निवासी श्रीपाल को किडनी प्रत्यारोपण के लिए 4.35 लाख रुपये, नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाज करा रहे पुवायां निवासी मोहनीश रस्तोगी के बेटे अभिनव को तीन लाख रुपये और लखनऊ पीजीआई में भर्ती कांट निवासी रसीद अहमद को 50 हजार रुपये की धनराशि अपने विवेकाधीन कोष से भेज दी है।