लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलते ददरौल विधायक अरविंद सिंह। स्रोत: स्वयं
- फोटो : udhampur news
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज जिगनेरा के पास पांच सौ बेड के अस्पताल के नए भवन को लेकर ददरौल से विधायक अरविंद सिंह ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र देकर लंबित प्रस्ताव पर अनुमति देने की मांग की है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जिगनेरा स्थित कॉलेज के पास पांच सौ बेड का अस्पताल बनाने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के बाद अस्पताल के लिए पांच बीघा जमीन मिल गई थी, लेकिन अस्पताल का प्रस्ताव शासन में लंबित है। ददरौल से विधायक अरविंद सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र देकर बताया कि कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को दस किमी चिकित्सालय आना पड़ता है। सुविधा को देखते हुए चिकित्सालय निर्माण कार्य का प्रस्ताव को अनुमति देने की मांग की है। इसके अतिरिक्त निष्प्रयोज्य पड़ी जमीन पर गोशाला बनवाने, कृभको खाद फैक्टरी को आवंटन के बाद बची 145.62 एकड़ जमीन के लिए नए उद्योगों के लिए आवंटित करने, एलबी मार्ग के किमी 471 से ददरौल ब्लॉक होते हुए पड़ैचा मोड़ मार्ग पर चौड़ीकरण कराने, भीषण बाढ़ में जर्जर हुए संपर्क मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की है।