पुवायां मंडी में धान खरीद में गड़बड़ी पर डिप्टी आरएमओ और एसडीएम से नाराजगी जताते विधायक। संवाद
- फोटो : kishtwar news
पुवायां। पुवायां मंडी के धान खरीद केंद्रों पर दलालों का बोलबाला होने के कारण किसान धान बेचने के लिए परेशान घूम रहे हैं। शनिवार को विधायक चेतराम मंडी में केंद्रों पर पहुंचे तो किसानों ने उनको तौल न होने की शिकायत की। भड़के विधायक ने डिप्टी आरएमओ राकेश मोहन पांडे और एसडीएम चित्रा निर्वाल से कहा कि किसानों को धान बेचने में समस्या आई तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
विधायक पहुंचे तो मंडी के बाहर धान भरी ट्राॅलियों की लंबी कतार लगी मिली। उन्होंने मंडी में मौजूद डिप्टी आरएमओ और एसडीएम से पूछा कि ट्राॅलियों की लाइन लगी है, तौल क्यों नहीं हो रही? इस दौरान कई किसानों ने विधायक को बताया कि केंद्रों पर दलाल हावी हैं।
केंद्र प्रभारी, ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। कई केंद्रों पर अब तक धान खरीदा ही नहीं गया है और कई पर कम धान तौला जा रहा है, जबकि एक केंद्र पर रोजाना 300 क्विंटल धान खरीदे जाने का आदेश है।
नाराज विधायक ने अधिकारियों से कहा कि दलालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और किसानों का धान तौला जाए। व्यवस्था में सुधार न होने पर उच्च अधिकारियों से कहकर कार्रवाई कराई जाएगी। विधायक ने केंद्र का रजिस्टर देखकर जिन किसानों ने धान बेचा है, उनको कॉल कर बात भी की। विधायक ने चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ और किसानों की शिकायत मिलती रही तो लखनऊ जाकर कार्रवाई कराएंगे।
डिप्टी आरएमओ ने विधायक को बताया कि किसानों की सुविधा के लिए धान लेकर आए लोगों की जांच की जा रही है कि कोई बिचौलिया धान लेकर तो नहीं आया है। किसानों का धान हर हाल में तौला जाएगा।