नगर के रामलीला मेले में चल रहे दंगल में रविवार को दर्शकों ने रोमांचक कुश्तियों का आनंद लिया। एटा के राजू को पटककर बंडा के अली पहलवान ने कुश्ती जीतकर दर्शकों की वाहवाही लूटी। उत्तराखंड के काशीपुर के रामसेवक पहलवान ने गोरखपुर के मुखत्यार को, बरखेड़ा के सोनू यादव नेक कानपुर के बबलू पहलवान को हराकर कुश्ती जीती। कानपुर के भूरा पहलवान और बाराबंकी के कल्यान, बरखेड़ा के सोनू यादव और पीलीभीत के बादल के बीच हुई कुश्तियां बराबर रहीं। दर्शकों ने विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर उनका हौसला आफजाई की। रेफरी का कार्य शाहबाद हरदोई के पहलवान सुल्तान ने किया। दंगल में हरियाणा के सोनीपत की महिला पहलवान संतोषी ने अखाड़े पर पहुंचकर कुश्ती के लिए ऐलान किया। महिला पहलवानों की कुश्ती सोमवार को होगी।