शाहजहांपुर। शहर की बृजविहार कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह वारंटी को पकड़ने गई पुलिस से अभद्रता की गई। पकड़े गए वारंटी को छुड़ाकर भगा दिया। इसके बाद पहुंची पुलिस वारंटी के भाई को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
चौक कोतवाली में तैनात दरोगा विजय कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि लखनऊ न्यायालय से थाना गाजीपुर में दर्ज एक मामले में चौक कोतवाली की बृज विहार कॉलोनी निवासी धीरेंद्र का वारंट जारी हुआ था। शुक्रवार को उनकी ड्यूटी क्षेत्र से निकल रही कलश यात्रा में लगी थी।
कलश यात्रा की समाप्ति के बाद महिला दरोगा पारुल व टीम के साथ वारंटी की गिरफ्तारी के लिए बृज विहार कॉलोनी गए। वहां आरोपी घर पर मौजूद मिला। वारंट के बारे में बताते हुए उससे साथ चलने के लिए कहा। आरोप है कि धीरेंद्र व उसके भाई प्रांशु कनौजिया, प्रमिल कनौजिया और धीरेंद्र की पत्नी ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज व अभद्रता की।
सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए बल का प्रयोग करते हुए आरोपी को पुलिस से छुड़ाकर घर से भगा दिया। आराेप है कि सभी लोगों ने अपनी जान-पहचान का हवाला देते हुए पुलिस टीम को भविष्य में देख लेने की धमकी दी। तुरंत घटना की जानकारी थाना प्रभारी को दी। इसके बाद पहुंची पुलिस फोर्स आरोपी के भाई प्रियांशु कनौजिया को साथ लाई। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि दरोगा की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
वाहन टकराने के बाद दो पक्षों में विवाद
अंटा चौराहा पर वाहन टकराने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद मामला चौकी पर पहुंचा। चौकी पर भी दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कुछ लोग एक-दूसरे को समझाते रहे, लेकिन किसी ने एक न सुनी। पुलिस भी खड़ी रही। गालियां देते हुए धमकी दी गई। इस मामले का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ, लेकिन संवाद न्यूज एजेंसी वायरल हुए वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी।
कर्मचारियों की फेंकी बाइक, वीडियो वायरल
थाना सदर बाजार क्षेत्र में शुक्रवार को बिस्मिल पार्क के पास हंगामा हो गया। कुछ लोगों ने गालियां देते हुए एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों की बाइक गिरा दी और तोड़फोड कर दी। किसी ने मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, लेकिन संवाद न्यूज एजेंसी वायरल हुए वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। पुलिस का कहना है कि अगर कोई तहरीर प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।