शाहजहांपुर के छावनी परिषद में आयोजित बैठक में वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना साथ में ब्रिगेडियर
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शहीद संग्रहालय परिसर में सामुदायिक केंद्र, गेस्ट हाउस का निर्माण होगा। इस पर खर्च होने वाली धनराशि मंत्री, सांसद और विधायक निधि से दिए जाने का प्रस्ताव कैंट बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया। छावनी परिषद कार्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को ब्रिगेडियर गौरव सनन की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शहीद संग्रहालय परिसर में सामुदायिक केंद्र व गेस्ट हाउस के निर्माण का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने कहा कि गेस्ट हाउस के निर्माण के लिए वह अपनी निधि से 25 लाख रुपये देंगे। इसी तरह लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद, सांसद अरुण कुमार सागर, सदस्य राज्यसभा मिथिलेश कुमार, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता व अन्य विधायक भी 25-25 लाख रुपये अपनी निधि से प्रदान करेंगे। 50 लाख रुपये कैंट बोर्ड की ओर से दिए जाने का प्रस्ताव पास हुआ।
बोर्ड की बैठक में शहीद संग्रहालय के संचालन की योजना तैयार की गई। कैंट बोर्ड के नामित सदस्य अवधेश दीक्षित ने बताया कि शहीद संग्रहालय को संस्कृति मंत्रालय द्वारा छावनी परिषद को हैंडओवर किया जाना है। इसको लेकर उन्होंने प्रमुख सचिव से मुलाकात कर मांग रखी थी। प्रमुख सचिव ने संस्कृति मंत्रालय के डायरेक्टर को निर्देशित किया है कि सात दिन में संग्रहालय हैंडओवर कर दें। 15 अगस्त तक हैंडओवर होने की संभावना है। इसी के साथ संग्रहालय का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
इनके अलावा कैंट की तीन सड़कों पर सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने का प्रस्ताव भी पास हुआ। इनमें कैंट क्षेत्र की लक्ष्मीबाई रोड, लाल इमली रोड तथा म्यूजियम तक जाने वाली सड़क शामिल हैं। सोलर स्ट्रीट लाइटों को लगाने के लिए 50 लाख रुपये खर्च किए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में सीईओ जिज्ञासा राज, डीएम उमेश प्रताप सिंह, एडीएम रामसेवक द्विवेदी आदि मौजूद रहे।