जलालाबाद के गांव कलक्टरगंज में चल रहा निर्माण कार्य। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। पश्चिमी उप्र को पूर्वांचल से जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य बरसात के मौसम के बाद रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। कार्य को गति देने के लिए गांव कलक्टरगंज के पास करीब 25 एकड़ जमीन पर कार्यदायी संस्था इन दिनों अपने स्टाफ के लिए आवास आदि के निर्माण की तैयारियों में जुटी है। मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाले एक्सप्रेस-वे के जनपद में निर्माण का जिम्मा अडानी ग्रुप ने जयपुर की कंपनी एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग को सौंपा है।
कंपनी ने गांव कलक्टरगंज के पास डेढ़ सौ बीघा जमीन तीन साल के लिए लीज पर ली है। इस जमीन पर आवासों के अलावा कंक्रीट का प्लांट, धर्मकांटा, मेस रूम, सीवर टैंक आदि के निर्माण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है। बुधुआना के पास नयागांव महसूलपुर, दियुरा और अका खेड़ा गांव के आसपास जमीन लेवलिंग का कार्य शुरू हो चुका है। एक्सप्रेस-वे का जनपद में अधिकांश हिस्सा जलालाबाद तहसील के 26 गांवों से गुजरेगा। इसलिए कार्यदायी कंपनी ने कुछ समय बाद विभिन्न स्तर पर एक साथ कार्य शुरू करने से पहले स्टाफ के रहने और संसाधनों रखने के लिए जमीन लीज पर ली है।
इसी जमीन के 25 एकड़ हिस्से में कर्मचारी आवास बनने हैं और शेष जमीन पर कंक्रीट का प्लांट, धर्मकांटा, मेस रूम, सीवर टैंक आदि के निर्माण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है। कंपनी ये सभी कार्य चालू माह के अंत तक पूरा कर लेगी। इसके बाद यहां इस कंपनी के अलावा अडानी ग्रुप से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी अपना डेरा डाल देंगे। इस बीच, कंपनी ने बुधुआना के पास नयागांव महसूलपुर, दियुरा और अकाखेड़ा गांव के आसपास जमीन लेवलिंग का कार्य शुरू कर दिया है। एक्सप्रेस-वे के निर्धारित रास्ते के बीच बने पक्के व स्थायी आवास के अलावा अन्य तरह के निर्माण को तोड़ने का काम पूरा किया जा चुका है।
कलक्टरगंज के अलावा निर्माण कंपनी बदायूं जनपद के विनावर, दातागंज तथा बिसौली समेत पांच स्थानों पर ऐसे ही शिविर कार्यालय तैयार करवा रही है, जिन्हें इसी माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इन शिविर कार्यालयों में इंफ्रा इंजीनियरिंग के अलावा अडानी ग्रुप का स्टाफ रहेगा। बरसात खत्म होते ही एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो जाएगा। -सत्यम मौर्य, अभियंता, एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग (गंगा एक्सप्रेस-वे की कार्यदायी संस्था)