जीआईसी के पास शौचालय का निरीक्षण करते वित्तमंत्री सुरेश खन्ना। स्रोत: नगर निगम
शाहजहांपुर। स्टेशन रोड पर ह्यूम पाइप डालने के लिए खोदी गई सड़क का निर्माण तय समय में पूरा नहीं होने पर वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने नाराजगी जताई। इसके अलावा शहर के शौचालयों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कहा कि देखभाल के लिए शौचालयों को ठेके पर दिया जाए।
वित्तमंत्री मंत्री के शौचालय के निरीक्षण की जानकारी मिलने पर नगर निगम के अधिकारियों ने दो दिन पहले ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करा दिया था। सभी शौचालयों की सफाई कराते हुए नई टोटियां लगा दीं। रविवार को वित्तमंत्री ने जीआईसी के पास, खिरनीबाग, बहादुरगंज पिंक शौचालय, गोविंदगंज शौचालय का जायजा लिया।
मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों के सामने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्टेशन रोड का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद अपर नगर आयुक्त भान सिंह, जीएम जलकल विजय मौर्य, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनोज मिश्रा ने स्टेशन रोड का निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार को तीन दिन के अंदर कार्य पूरा करने का समय दिया। समय से कार्य पूरा नहीं होने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।