चीनी मिल बंद करने की आहट पाकर एक बार फिर मजदूर संगठनों ने गेट के सामने हंगामा और प्रदर्शन कर अपना क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है।
बताते चलें कि किसानों के कर्ज के बोझ तले रोजा चीनी मिल में पिछले महीने यहां के रिपेयर कर्मियों को घर जाने के आदेश दे दिए गए थे। अंदर ही अंदर मिल प्रबंध अपनी मशीनों और स्टाक चीनी को बेचने की जुगत में है, लेकिन उच्च न्यायालय के दखल के कारण यहां का मिल प्रबंधन अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पा रहा है।
मजदूर संगठनों की अगुवाई कर रहे आनन्द दीक्षित और भगवान सिंह ने बताया कि रिपेयर कर्मियों को अभी तक काम पर नहीं लिया गया। 30 सितंबर से चीनी मिली का पेराई सत्र शुरू होने की अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इससे लगता है कि यह मिल भी बंद की जा रही है।
इस आशंका को लेकर चीनी मिल के तमाम मजदूरों ने रविवार की सुबह चीनी मिल गेट पर मिल प्रबन्धन के खिलाफ नारे बाजी और हंगामा किया। गेट मीटिंग के बाद मजदूर संगठन के लोग क्रमिक अनशन पर बैठ गये। धरने पर बैठने वालों में केके दीक्षित, योगेश श्रीवास्तव, संजय सिंह, जनेंद्र सिंह, भगवान सिंह, आशीष मिश्रा, सुनील सिंह आदि लोग बैठे हैं।