अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि डॉ. मानस अवस्थी, डॉ. अक्षिता सक्स
तिलहर। किशोरावस्था में बेहतर स्वास्थ्य के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। साफ-सफाई की अनदेखी से कई स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं जन्म ले सकती हैं। छात्राओं को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए और शरीर में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह बात बृहस्पतिवार को मोहल्ला मीरगंज स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता कार्यक्रम में सीएचसी के चिकित्सक मानस अवस्थी ने कही।
पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में डॉ. मानस अवस्थी और डॉ. अक्षिता सक्सेना ने करीब 50 छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी दी। डॉ. मानस अवस्थी ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए शरीर की साफ-सफाई के साथ आसपास के वातावरण की स्वच्छता भी जरूरी है। छात्राओं को हाथों की नियमित सफाई, साफ कपड़े पहनने और व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए।
झिझक छोड़कर महिला चिकित्सक से लें सलाह
महिला चिकित्सक डॉ. अक्षिता ने किशोरावस्था में होने वाले बदलावों और उनसे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कई बार झिझक और जानकारी के अभाव में छात्राएं अपनी परेशानी छिपाती रहती हैं। इससे समस्या बढ़ सकती है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को लेकर शर्म या संकोच नहीं करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर महिला चिकित्सक से खुलकर अपनी समस्या बतानी चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि समय पर समस्या की पहचान और चिकित्सकीय सलाह मिलने से गंभीर परेशानियों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में छात्राओं ने चिकित्सकों से किशोरावस्था, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे। चिकित्सकों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करने के लिए प्रेरित किया।