जीएसटी के तहत पंजीकरण कराने में आने वाली दिक्कतों को लेकर उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) के पदाधिकारी शुक्रवार को वाणिज्य कर उपायुक्तों से मिले। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने विभाग के डिप्टी कमिश्नर रमेश बैस और अमित मोहन को बताया कि कई व्यापारियों का प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद पंजीकरण नहीं किया जा रहा है।
व्यापारी नेता दुआ ने कहा कि विभाग ने जीएसटी को लेकर किए जा रहे प्रचार-प्रसार के तहत तमाम व्यापारियों ने कई सप्ताह पहले रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके बावजूद विभागीय लापरवाही के कारण उन्हें प्रॉविजिनल आईडी और पासवर्ड नहीं दिए जा रहे हैं। यही नहीं, कई व्यापारियोें के नक्शे आदि अन्य प्रपत्र दाखिल करने में देरी होेने पर उनके रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिए गए। यह व्यापारियों के साथ अन्याय है।
नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने इस बात पर आपत्ति दर्ज कराई कि कार्यालय का प्रिंटर आए दिन खराब रहने से व्यापारियों को कोई भी दस्तावेज समय से नहीं मिल पाता और इसके लिए उन्हें दफ्तर के बार-बार चक्कर काटने पड़ते हैं। नगर महामंत्री धर्मपाल रैना ने अभी तक लगाई गईं जीएसटी कार्यशालाओं को अपर्याप्त बताते हुए व्यापारियोें के लिए जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की मांग की।
वाणिज्य कर उपायुुक्त बैस ने बताया कि 25 जून से एक सप्ताह के लिए जीएसटी में पंजीकरण के लिए विभागीय वेबसाइट फिर खुलेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि वेबसाइट खुलनेे पर सभी समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा। शिष्टमंडल में संगठन के जिला महामंत्री नाजिम खां, कोेषाध्यक्ष नीरज गुुप्ता, युवा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष शाहबाज खां आदि शामिल रहे।