अल्हागंज (शाहजहांपुर)। थाना अल्हागंज में तैनात सिपाही केशव कुमार (21) ने रविवार शाम को फंदे से लटककर जान दे दी। दूसरी शिफ्ट में ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर साथी सिपाहियों नकी कॉल नहीं उठने के बाद जांच की गई। अंदर उसका शव लटका देखा गया। एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेयी और सीओ जलालाबाद अजय राय ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
मेरठ जिले के खरखौदा निवासी रामकुमार का बेटा केशव कुमार 2021 बैच के सिपाही थे। इसी साल छह जनवरी को उन्हें थाने में पहली पोस्टिंग मिली थी। केशव ने बाईपास रोड पर सलीम के मकान में किराये पर कमरा ले रखा था। रविवार को दिन में वह ड्यूटी कर कमरे पर लौटे और दरवाजा बंद कर लिया। शाम की शिफ्ट में ड्यूटी के लिए करीब छह बजे थाने से फोन किया गया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अंदर से कोई आहट नहीं होने पर मोहल्ले के लोगों में चर्चा फैल गई।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर रात करीब पौने नौ बजे थाने से पुलिसकर्मी आए और टॉर्च की रोशनी डालकर अंदर झांका। कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना के बाद सीओ जलालाबाद अजय राय और थाना प्रभारी प्रदीप सहारावत मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने केशव के परिजनों से संपर्क साधा है। सीओ के अनुसार, परिजन मेरठ से चल दिए हैं। उनके आने के बाद ही शव को उतारा जाएगा। रात करीब साढ़े नौ बजे एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेयी ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
शांत स्वभाव के थे केशव
केशव काफी शांत स्वभाव के थे। वह ज्यादा किसी से बात भी नहीं करते थे। वह अपना काम करने के बाद सीधे कमरे में चले जाते थे। उनकी दोस्ती भी ज्यादा सिपाहियों से नहीं थी। बताते हैं कि उनके परिवार में किसी की हाल में शादी भी थी।
मोबाइल सीडीआर से पता चलेगी खुदकुशी की वजह
-अजय की मौत की वजह उसके मोबाइल से खुलेगी। पुलिस उसकी सीडीआर निकालेगी। अंतिम बार बात की जानकारी भी पता चलेगी। पुलिस के अनुसार, केशव के पिता की किराने की दुकान है। वह परिवार में सबसे बड़े थे। दो छोटी बहनें हैं।
-सिपाही ने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। उसके परिजनों से संपर्क साधा गया। परिजनों के आने के बाद कमरे का ताला तोड़कर शव को उतारा जाएगा। -संजीव वाजपेयी, एसपी देहात